बड़ी खबरें
आम जनता के लिए सरकार बड़ी राहत की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित जीएसटी 2.0 ढांचा लागू होने पर बीमा प्रीमियम, दवाइयां और रोज़मर्रा की ज़रूरी चीज़ें 0% या 5% टैक्स स्लैब में आ जाएंगी। वहीं टीवी, एसी और फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर भी टैक्स घटेगा। हालांकि, तंबाकू और सिगरेट पर टैक्स और बढ़ाया जाएगा।
बीमा-दवाओं पर शून्य जीएसटी
नए ढांचे के तहत जीवन व स्वास्थ्य बीमा, दवाइयां, टूथब्रश, बालों का तेल, स्टेशनरी, शैक्षिक उत्पाद और चिकित्सा उपकरणों पर 0% या 5% टैक्स हो सकता है। इससे वरिष्ठ नागरिकों और बीमा कंपनियों को खासा फायदा मिलेगा।
कार, एसी और टीवी होंगे सस्ते
छोटी कारों पर टैक्स 28% से घटाकर 18% किया जाएगा।
हाइब्रिड कारों और टू-व्हीलर पर भी टैक्स कम होगा।
टीवी, एसी और फ्रिज भी 28% से घटकर 18% स्लैब में आ सकते हैं।
बड़ी और लग्ज़री कारों पर टैक्स करीब 40% तय हो सकता है।
किसानों को भी राहत
ट्रैक्टर पर टैक्स 12% से घटकर 5% किया जा सकता है।
खाद्य पदार्थ और सीमेंट भी सस्ते होंगे।
कपड़ा, उर्वरक और कृषि उत्पादों पर भी ध्यान दिया गया है।
अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
ब्रोकरेज फर्म्स के मुताबिक, इस सुधार से 2.4 लाख करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त मांग पैदा होगी।
खुदरा महंगाई में 0.40% तक की गिरावट संभव है।
चप्पल-जूते और रोज़मर्रा के सामान भी सस्ते होंगे।
विवाद भी होंगे खत्म
अब तक नमकीन, पराठे, केक और बन जैसी चीज़ों पर अलग-अलग टैक्स दरों को लेकर विवाद होता रहा है। दो स्लैब लागू होने के बाद ये विवाद खत्म हो जाएंगे।
जीएसटी स्लैब का नया ढांचा
केवल दो बड़े स्लैब – 5% और 18% रहेंगे।
ज़्यादातर चीज़ें 12% और 28% से घटकर 5% या 18% में आ जाएंगी।
सिर्फ़ 5-7 लग्ज़री वस्तुएं 40% टैक्स में रहेंगी।
कुल मिलाकर, जीएसटी सुधारों का मकसद है सामान और सेवाओं की कीमतें कम करना, जिससे आम आदमी से लेकर किसान और उद्योग जगत सभी को राहत मिले।
Baten UP Ki Desk
Published : 19 August, 2025, 12:24 pm
Author Info : Baten UP Ki