बड़ी खबरें
उत्तर प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक स्थिति, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर एक बड़ी रिपोर्ट सामने आई है। हाल ही में जारी वीमेन इकोनॉमिक एम्पावरमेंट (WEE) इंडेक्स ने राज्य के 75 जिलों का आकलन किया, जिसके नतीजे चौंकाने वाले हैं।
इन जिलों में महिलाओं की भागीदारी और सुरक्षा कमजोर
रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ, कानपुर और वाराणसी महिलाओं के लिए सबसे बेहतर जिले साबित हुए हैं। यहां महिलाओं के लिए रोजगार, सुरक्षा और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। लेकिन दूसरी ओर श्रावस्ती, संभल, महोबा, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में महिलाओं की स्थिति बेहद कमजोर पाई गई है। इन जिलों में कामकाजी महिलाओं की संख्या कम, सुरक्षा के हालात चिंताजनक और स्किल डेवेलपमेंट के मौके भी सीमित हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्देश: हर जिले में महिला सशक्तिकरण हो प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीईई इंडेक्स के आधार पर तुरंत एक्शन लेते हुए सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे महिलाओं के लिए रोजगार, स्किल ट्रेनिंग और सरकारी योजनाओं में भागीदारी बढ़ाएं। उन्होंने कहा:
ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट) योजना और लोन योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए
पब्लिक ट्रांसपोर्ट, होमगार्ड, शिक्षा, और ड्राइवर-कंडक्टर के पदों पर महिलाओं को नियुक्ति में वरीयता
री-एनरोलमेंट यूनिट बनाई जाए ताकि स्किल कोर्स छोड़ चुकी महिलाएं वापस प्रशिक्षण ले सकें
पैरा-मेडिकल इंस्टीट्यूट और टेक्निकल ट्रेनिंग से जुड़ने के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाए
इंडेक्स के 5 प्रमुख पैरामीटर
इस इंडेक्स में जिलों को पाँच मानकों पर आंका गया:
बिजनेस और स्वरोजगार
नौकरी के अवसर
शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट
कमाई और आय
सुरक्षा और ट्रांसपोर्ट सुविधा
प्रमुख सचिव (प्लानिंग) आलोक कुमार ने बताया कि यह डेटा सरकार को नीतियों की समीक्षा और सुधार में मदद करेगा। यह इंडेक्स प्लानिंग डिपार्टमेंट और उदयति फाउंडेशन की संयुक्त पहल है।
खास जिलों में होगा विशेष अभियान
सीएम ने निर्देश दिया है कि महिलाओं को लेकर विशेष अभियान बांदा, जालौन, जौनपुर, महोबा, श्रावस्ती और सीतापुर में चलाया जाए। इन जिलों में ODOP स्कीम के तहत मार्जिन मनी योजना को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
WEE इंडेक्स: महिलाओं की ज़मीनी स्थिति का खुलासा
WEE इंडेक्स ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति का एक स्पष्ट आईना दिखाया है। यह सरकार को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ज़मीनी हकीकत समझने और सही दिशा में काम करने का मौका देगा। जैसा कि मुख्यमंत्री ने कहा, "जब महिलाएं विकास की धारा में सबसे आगे होंगी, तभी राज्य और समाज की प्रगति संभव होगी।"
Baten UP Ki Desk
Published : 9 July, 2025, 3:37 pm
Author Info : Baten UP Ki