बड़ी खबरें
12 जून को हुए अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे के बाद से देशभर के एयरपोर्ट्स और एयरलाइंस में हड़कंप मचा हुआ है। हादसे के बाद सख्त ऑपरेशनल चेकिंग और मेंटेनेंस प्रक्रियाओं के चलते पिछले 9 दिनों में एयर इंडिया की कुल 84 फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं। शुक्रवार, 21 जून को भी एअर इंडिया ने 9 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया, जिसमें 4 इंटरनेशनल और 5 डोमेस्टिक उड़ानें शामिल हैं।
9 फ्लाइट्स आज रद्द, वजह -मेंटेनेंस और ऑपरेशन
एअर इंडिया की ओर से बताया गया है कि तकनीकी मेंटेनेंस और ऑपरेशनल कारणों की वजह से इन उड़ानों को रोका गया है। रद्द की गई डोमेस्टिक फ्लाइट्स में शामिल हैं:
पुणे से दिल्ली (AI874)
अहमदाबाद से दिल्ली (AI456)
हैदराबाद से मुंबई (AI2872)
चेन्नई से मुंबई (AI571)
इंटरनेशनल रद्द उड़ानों में शामिल हैं:
दुबई से चेन्नई (AI906)
दिल्ली से मेलबर्न (AI308)
मेलबर्न से दिल्ली (AI309)
दुबई से हैदराबाद (AI2204)
इसके अलावा, दिल्ली से पुणे जा रही एक फ्लाइट से पक्षी के टकराने की घटना के चलते उसकी वापसी उड़ान (रिटर्न फ्लाइट) भी रद्द कर दी गई।
हादसे के बाद सुरक्षा जांच बढ़ी, उड़ानें हो रहीं प्रभावित
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से विमान संचालन की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। उस भयावह दुर्घटना में 270 लोगों की मौत हो गई थी। तब से लेकर अब तक एअर इंडिया को अपने Boeing 787 Dreamliner विमानों के लिए लगातार उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एयरलाइंस से कड़े निरीक्षण और समयबद्ध मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
18 और 19 जून को भी कई फ्लाइट्स रद्द
19 जून: दिल्ली से वियतनाम जा रही फ्लाइट AI388 तकनीकी कारणों से वापस लौटाई गई। 130 यात्री सवार थे। इसके साथ ही 3 अन्य उड़ानें भी रद्द की गईं।
18 जून: दिल्ली से बाली, टोरंटो से दिल्ली और दुबई से दिल्ली की फ्लाइट्स या तो रद्द कर दी गईं या रास्ते से लौटाई गईं।
बाली वाली फ्लाइट को ज्वालामुखी विस्फोट की आशंका के कारण रोका गया, जबकि अन्य में तकनीकी खामियां और क्रू की ड्यूटी लिमिटेशन वजह बनीं।
इंडिगो और स्पाइसजेट पर भी असर
केवल एअर इंडिया ही नहीं, अन्य एयरलाइंस जैसे इंडिगो और स्पाइसजेट की फ्लाइट्स भी पिछले कुछ दिनों में तकनीकी खामियों के चलते प्रभावित हुई हैं:
दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट तकनीकी दिक्कत से लौटी
स्पाइसजेट की फ्लाइट हैदराबाद से तिरुपति लौटाई गई
गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट फ्यूल की कमी के कारण बेंगलुरु उतरी
DGCA की सख्त हिदायतें
DGCA ने मंगलवार को एयर इंडिया अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। इसमें सुरक्षा, संचालन और फ्लाइट टाइमिंग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए:
विमानों की सुरक्षा जांच समय पर और पूरी हो
मेंटेनेंस में कोई लापरवाही न हो
फ्लाइट ड्यूटी टाइम का सख्ती से पालन हो
समय पर उड़ानें संचालित हों
रद्द होती उड़ानों के बीच यात्रियों की बढ़ती बेचैनी
विमान हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि बन गई है, लेकिन लगातार उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में निराशा और असमंजस की स्थिति भी बनी हुई है। एअर इंडिया को चाहिए कि वह पारदर्शी रूप से स्थिति की जानकारी दे और वैकल्पिक इंतज़ामों के लिए यात्रियों को बेहतर सहायता प्रदान करे।
Baten UP Ki Desk
Published : 20 June, 2025, 7:01 pm
Author Info : Baten UP Ki