बड़ी खबरें

पीसीएस मुख्य परीक्षा के लिए खुली आवेदन विंडो, प्रिलिम्स एग्जाम में सफल अभ्यर्थी करें पंजीकरण 18 घंटे पहले गुजरात में पीएम मोदी ने लखपति दीदियों से किया संवाद, ₹450 करोड़ की वित्तीय सहायता वितरित 18 घंटे पहले आज दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ा दिन: CM बताएंगी कब से मिलेंगे पैसे 18 घंटे पहले Women's Day पर आधी आबादी को राष्ट्रपति ने दीं शुभकामनाएं; पीएम मोदी बोले- हम अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं 18 घंटे पहले सीएम योगी ने नोएडा में आईटी कंपनियों का किया लोकार्पण, बोले- मिलेगा रोजगार का अवसर 17 घंटे पहले

बिरसा मुंडा से लेकर अटल बिहारी तक...यूपी की ये 10 योजनाएं होंगी इन महापुरूषों को समर्पित

Blog Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट पर चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए 10 महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। इन योजनाओं को देश के महापुरुषों को समर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इन योजनाओं के माध्यम से कृषि, उद्योग, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में नए आयाम जुड़ेंगे, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।

1. माता शबरी कैंटीन और विश्रामालय – किसानों के लिए राहत

भक्ति और समर्पण की प्रतीक माता शबरी के नाम पर कृषि मंडियों में कैंटीन और विश्रामालय स्थापित किए जाएंगे। इससे किसानों और श्रमिकों को किफायती दरों पर भोजन और विश्राम की सुविधा मिलेगी। इससे पहले, अयोध्या में भी माता शबरी के नाम पर एक भोजनालय स्थापित किया गया था।

2. सरदार पटेल जनपदीय आर्थिक क्षेत्र – रोजगार को नई दिशा

हर परिवार से कम से कम एक व्यक्ति को रोजगार से जोड़ने के लिए 100 एकड़ क्षेत्रफल में पीपीपी मॉडल पर जनपदीय आर्थिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। यह पहल भारत के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित होगी, जिससे प्रदेश में औद्योगिक विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

3. माता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमेन हॉस्टल – महिला सशक्तीकरण की नई पहचान

कामकाजी महिलाओं के लिए वाराणसी, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर नगर, झांसी और आगरा में वर्किंग वुमेन हॉस्टल बनाए जाएंगे। ये हॉस्टल महान समाज सुधारक अहिल्याबाई होल्कर के 300वें जयंती वर्ष पर उन्हें समर्पित किए जाएंगे।

4. महारानी लक्ष्मीबाई मेधावी छात्रा स्कूटी योजना – बालिकाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अमर वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के नाम पर मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने की योजना लागू की जाएगी। इससे उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

5. संत कबीरदास सीएम मित्र पार्क योजना – कपड़ा उद्योग को बढ़ावा

महान संत कबीरदास के नाम पर प्रदेश में 10 टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे। इससे उत्तर प्रदेश के कपड़ा उद्योग को नई ऊंचाई मिलेगी और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।

6. संत रविदास चर्मोद्योग पार्क – कारीगरों को मिलेगा लाभ

समाज में समानता और श्रम की प्रतिष्ठा के पक्षधर संत रविदास के नाम पर प्रदेश में दो लेदर पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से एक आगरा में होगा। इससे चर्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और हजारों श्रमिकों को रोजगार प्राप्त होगा।

7. भारत रत्न चौधरी चरण सिंह सीड पार्क – किसानों की उन्नति का माध्यम

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर लखनऊ में सीड पार्क स्थापित किया जाएगा। इससे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज और कृषि संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

8. भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय – ज्ञान और शिक्षा का केंद्र

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के अवसर पर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। इससे छात्रों और युवाओं को ज्ञानवर्धन के लिए एक उत्कृष्ट वातावरण मिलेगा।

9. बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास – शिक्षा में समानता का प्रयास

समाज कल्याण छात्रावासों के पुनर्निर्माण और नव-निर्माण की योजना बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर शुरू की जाएगी। इससे दलित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा में सहायता मिलेगी।

10. भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय संग्रहालय – जनजातीय गौरव का प्रतीक

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जन्मवर्ष को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाते हुए, मिर्जापुर और सोनभद्र में उनके नाम पर दो जनजातीय संग्रहालय स्थापित किए जाएंगे। इन योजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी है। ये पहल न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगी, बल्कि समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेंगी।

अन्य ख़बरें