बड़ी खबरें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 'तिरंगा यात्रा बाइक रैली' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा लखनऊ महानगर द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें राष्ट्र प्रथम की भावना को लेकर हजारों उत्साही कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर सीएम योगी ने आगामी 78वें स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
सीएम योगी ने किया तिरंगा फहराते हुए पैदल मार्च-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास से तिरंगा फहराते हुए पैदल मार्च की शुरुआत की, भारत माता की जयकारों के बीच राष्ट्रीयता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से राष्ट्र प्रथम के भाव और पंच प्रण के संकल्पों के साथ जुड़ने का आग्रह किया। इस अवसर पर उनके साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी, विधायक नीरज बोरा और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
यूपी में फहरेंगे 4.5 करोड़ घरों पर तिरंगा-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस वर्ष भी उत्तर प्रदेश में साढ़े चार करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी राज्य में इसी संख्या में घरों पर तिरंगा लहराया गया था, जबकि 2022-23 में उत्तर प्रदेश ने पांच करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था।सीएम योगी ने भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प से जुड़कर हम सभी तिरंगे को हर घर तक पहुंचाने में सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान-शान का प्रतीक है, और इसे हर घर पर फहराना हमारे लिए गर्व की बात है। प्रदेश सरकार ने इस बार भी "हर घर तिरंगा" अभियान को सफल बनाने के लिए वृहद योजना बनाई है, ताकि राज्य के कोने-कोने में तिरंगा फहराया जा सके।
देश के एकता और अखंडता का प्रतीक-
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से भाजपा के मार्गदर्शन में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा में छात्रों, व्यवसायियों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के उत्साहपूर्ण भागीदारी ने नए भारत की झलक प्रस्तुत की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा एक भारत-श्रेष्ठ भारत का प्रतीक है, जो देश के एकता और अखंडता का प्रतीक है। सीएम योगी ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और हर घर पर तिरंगा लहराने में सहयोग करें, जिससे पूरे प्रदेश में देशभक्ति की भावना और मजबूत हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। इसका अर्थ है कि 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि का आगमन। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक भारतीय को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देना होगा। दो साल पहले हमने देश की आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के साथ 'पंच प्रण' का संकल्प लिया था, और आजादी के इस अमृत काल में 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से तिरंगे को हर घर पर गर्व से फहराने का कार्य किया गया था।
Baten UP Ki Desk
Published : 13 August, 2024, 1:15 pm
Author Info : Baten UP Ki